गोड्डा
होपनाटोला में धूमधाम से मना कुड़मि जनजाति का सोहराय बांधना पर्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। प्रखंड की पीपरा पंचायत अंतर्गत होपनाटोला गांव में कुड़मि जनजाति का पारंपरिक सोहराय बांधना पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरे गांव में पारंपरिक रीति-रिवाज, लोकगीत और मांदर-नगाड़े की थाप पर सांस्कृतिक उल्लास देखने को मिला। आदिवासी कुड़मि समाज के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो ने बताया कि सोहराय पर्व कुड़मि जनजाति के बारह मासे तेरह पर्वों में विशेष महत्व रखता है। यह पर्व मुख्य रूप से पशुधन की पूजा और उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का त्योहार है। इसमें गाय और बैल की विशेष रूप से पूजा की जाती है। उन्होंने बताया कि इस पर्व के अवसर पर घर-आंगन से लेकर खलिहान तक की साफ-सफाई कर मिट्टी से लिपाई की जाती है। इसके साथ ही नया मिट्टी का चूल्हा बनाया जाता है और गाय-बैलों को स्नान कराकर तेल, सिंदूर और काजल लगाया जाता है। गोहाल पूजा के दौरान विधि-विधान से पशुधन की पूजा की जाती है। इस अवसर पर पारंपरिक रूप से बलि देने की प्रथा भी प्रचलित है। सोहराय पर्व के दौरान मड़इर बांधना, चकपुरा, गाय-बैल चुमाना, गोहाल में पुआ-पकवान बनाकर पूजा करना और हल-जुआठ की पूजा जैसे कई पारंपरिक नेग-नियम निभाए जाते हैं। रातभर गांव में सोहराय गीत गाए जाते हैं और मांदर-नगाड़े की थाप पर लोग पारंपरिक नृत्य करते हैं। घरों में पुआ-पकवान भी बनाए जाते हैं। दिनेश कुमार महतो ने कहा कि पुरखों से मिली संस्कृति और परंपराओं को कुड़मि समाज आज भी जीवित रखे हुए है। सोहराय पर्व केवल त्योहार नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति एवं पशुधन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस अवसर पर आदिवासी कुड़मि समाज के सदस्य रामेश्वर महतो, दीपक कुमार महतो, प्रिंस कुमार महतो, दिव्यांश कुमार महतो, कलावती महतो, सोनी महतो, दीप्ति श्री महतो और बिच्छो कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



