
एनपीटी दिल्ली ब्यूरो
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस ने अपनी चौथी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 5 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं। बवाना और करोल बाग जैसी आरक्षित सीटों पर पार्टी ने नए चेहरों पर दांव लगाया है।
कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों का विश्वास कांग्रेस के साथ है। पार्टी ने बवाना (एससी) से सुरेंद्र कुमार, रोहिणी से सुमेश गुप्ता, करोल बाग (एससी) से राहुल धानक, तुगलकाबाद से वीरेंद्र बिधूड़ी, और बदरपुर से अर्जुन भड़ाना को उम्मीदवार घोषित किया है।

तीसरी सूची में इन नामों पर लगी थी मुहर
इससे पहले कांग्रेस ने तीसरी सूची में पटेल नगर से पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ और ओखला से पार्षद अरीबा खान को उम्मीदवार बनाया था। अन्य प्रमुख नामों में किराड़ी से राजेश गुप्ता, मॉडल टाउन से कुंवर करण सिंह और हरि नगर से प्रेम शर्मा को भी टिकट दिया गया था।
पहली और दूसरी सूची में घोषित किए गए थे 47 नाम
दिसंबर 2024 में कांग्रेस ने अपनी पहली और दूसरी सूची जारी की थी, जिनमें कुल 47 उम्मीदवार शामिल थे। पार्टी ने इस बार चुनाव में अपने आधार को मजबूत करने के लिए नए और अनुभवी उम्मीदवारों का संतुलन बनाए रखा है।
चुनाव कार्यक्रम
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस इस बार मजबूत प्रचार अभियान के साथ आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देने की तैयारी में है।