एस डी एम के आश्वासन पर 16 दिन बाद ग्रामीणों ने खत्म किया धरना
विकास कार्यों में अनियमितताओं के खिलाफ ग्रामीणों ने किया धरना प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। तहसील क्षेत्र अंतर्गत गंगौली गांव में ग्राम पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण और विकास कार्यों में अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन अम्बावता गुट का धरना सोमवार को समाप्त हो गया। यह प्रदर्शन 16 दिनों से जारी था और एसडीएम के आश्वासन के बाद खत्म हुआ।
ग्रामीणों ने यह प्रदर्शन 28 सितंबर से शुरू किया था। इससे पहले तहसीलदार नेहा राजवंशी ने गांव जाकर ग्रामीणों से बात की थी, लेकिन तब उन्होंने अपना धरना समाप्त नहीं किया था। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व प्रधान ने ग्राम समाज की सुरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे अपने और परिजनों के नाम पर पट्टा करवा लिया। इस भूमि पर पहले एडीएम ने रोक लगाई थी। इसके बावजूद, संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से कागजों में हेराफेरी कर भूमि का बैनामा करवा लिया गया। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और लगभग डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम ने उनकी सभी शिकायतें सुनीं।
एसडीएम ने बताया कि राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों पर जांच चल रही है। उन्होंने चकबंदी विभाग और विकास विभाग से जुड़ी शिकायतों के लिए उच्चाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत करने की बात कही। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि मांगपत्र सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा जाएगा और जांच प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन अम्बावता गुट के जिलाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि एसडीएम से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन मिला है, और सभी शिकायतें जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच गई हैं। यदि विकास विभाग और चकबंदी विभाग के अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं की जाती है, तो एक सप्ताह बाद घेराव किया जाएगा। इस मौके पर बेचू, रामदेव, राहुल मिश्र, अजय सिंह, संतोष यादव, राजदेव यादव, द्वारिका यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



