बरेली
12 किमी की परिधि में ही बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण की नीति जारी कर दी है। इसके तहत सीसीटीवी कैमरों से लैस विद्यालय ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर तक कर ली जाएगी। केंद्र निर्धारण के लिए इस बार कई नए मानक भी तय किए गए हैं। जिन विद्यालयों में शिक्षकों व विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था हैं उन्हें केंद्र निर्धारण में वरीयता दी जाएगी। इसके लिए 10 अंक भी तय किए गए हैं। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, उन्हें भी केंद्र निर्धारण में वरीयता दी जाएगी। प्रधानाचार्य कक्ष से अलग दोनों ओर सीसीटीवी कैमरों से युक्त सुरक्षित स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्रों को रखने के लिए चार डबल लॉक के बॉक्स होंगे। इसी के साथ उत्तर पुस्तिकाओं को रखने के लिए भी अति सुरक्षित स्ट्रांग रूम होगा। मानक के अनुसार, प्रवेश द्वार व सभी प्रमुख स्थलों, सभी कक्षाओं के बाहर व अंदर सीसीटीवी कैमरे वाइस रिकॉर्डिंग वाले लगे होनेंम चाहिए। ये कैमरों बोर्ड एवं प्रशासन के कंट्रोल रूम से भी जुड़े होंगे। परीक्षा केंद्र 12 किमी की परिधि में होने चाहिए। परीक्षा केंद्र बनाए जाने वाले विद्यालयों का भौतिक सत्यापन जिला व तहसील स्तर पर गठित समिति करेगी।



