सिंगरौली
12 वर्षीय बालिका को जयंत पुलिस ने सकुशल परिजनों को सुपुर्द किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत जयंत पुलिस ने 12 वर्षीय लापता बालिका को बरामद कर सकुशल परिजनों को सौंपने में सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को फरियादिया (परिवर्तित नाम) सोनमति पति रामलाल निवासी थाना विंध्यनगर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी 12 वर्षीय बेटी बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत पर थाना विंध्यनगर में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते, एवं थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सतत विवेचना करते हुए बालिका को जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) से बरामद किया। जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह के नेतृत्व में कार्य कर रही पुलिस टीम ने बालिका को दस्तयाब कर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, चौकी प्रभारी जयंत सुधाकर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जीवन मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दीपानगरम, आरक्षक प्रकाश सिंह एवं आरक्षक वीरसिंह पटेल की सराहनीय भूमिका रही। सिंगरौली पुलिस का “ऑपरेशन मुस्कान” एक बार फिर बना मिसाल, परिजनों ने जताया आभार।



