
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मथुरा में 18 से 21 सितंबर तक आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। वे 19 सितंबर को युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दीनदयाल धाम में रविवार को तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव और जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने चर्चा की। दीनदयाल धाम के निर्देशक सोनपाल सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। दीनदयाल धाम में हर साल पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर चार दिवसीय मेला लगता है। इस वर्ष मेले में युवाओं, किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के साथ किसान एवं ग्रामीण विकास प्रदर्शनी भी लगेगी। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यह महोत्सव कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि दीनदयाल धाम पूरे देश में अंत्योदय के विचार का केंद्र है। मुख्यमंत्री का आगमन मथुरा जनपद के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम की तैयारियों में महोत्सव समिति के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाठक, कुंज बिहारी चतुर्वेदी, महिपाल सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हैं।



