झारखंडवासियों के हक़-अधिकार
सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना हमारा संकल्प हैं- घन्द्रप्रकाश चौधरी सांसद गिरिडीह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गिरिडीह के सांसद घन्द्रप्रकाश चौधरी ने सदन में दामोदर घाटी निगम (DVC) का मुख्यालय झारखंड में स्थापित किए जाने की माँग को तथ्यों, तर्कों और जनहित के मजबूत आधार के साथ सरकार के समक्ष रखा।
सांसद ने उक्त बातों को लेकर सरकार का ध्यानाकर्षित कराते हुए कहा कि DVC की अधिकांश परिचालन, उत्पादन और विकासात्मक गतिविधियाँ झारखंड की धरती पर ही केन्द्रित हैं – बोकारो, चंद्रपुरा और कोडरमा जैसे प्रमुख ताप विद्युत संयंत्र एवं मैथन, कोनार, तिलैया एवं पंचेत जैसे महत्वपूर्ण बाँध, विशाल कोयला संसाधन और हजारों परियोजना-प्रभावित परिवार इन सबका सीधा संबंध झारखंड से है।
DVC का लगभग 75% कमांड एरिया झारखंड में स्थित है, जो ऊर्जा उत्पादन, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में मुख्यालय राज्य से बाहर होना न व्यावहारिक है और न न्यायसंगत।
इन सभी तथ्यों के आलोक में सांसद घन्द्रप्रकाश चौधरी ने सरकार से आग्रह किया कि प्रदेश के विस्थापितों, रैयतों और आम जनता की समस्याओं के प्रभावी और स्थायी समाधान हेतु DVC का मुख्यालय झारखंड में ही स्थापित किया जाए, जिससे :
➡ परियोजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
➡ परियोजना-प्रभावित परिवारों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और न्यायपूर्ण समाधान संभव होगा।
➡ प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी और झारखंड की जनता को उसका वास्तविक अधिकार मिलेगा।
सांसद चौधरी ने कहा कि
मैं पूरे विश्वास के साथ झारखंड की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि उनके हक-अधिकार और हितों की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक लगातार और पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।



