अमरोहा
यूपी पुलिस के सिपाही ने पत्नी को जलाया
अमरोहा में GNM पत्नी को मारने की कोशिश, दिल्ली रेफर, हालत नाजुक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : यूपी पुलिस के एक सिपाही ने अपनी पत्नी को जलाकर मारने की कोशिश की है। गंभीर हालत में महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत बिगड़ने के बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है।महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया कि सिपाही अपनी पत्नी को घरवालों के साथ मिलकर मारता-पीटता था। पुलिस ने इस मामले में सिपाही पति देवेंद्र सहित आधा दर्जन घर वालों पर हत्या की नियत से मारने, घरेलू हिंसा सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन के नाम पर एक प्लॉट था जिसके लिए उसकी बहन को ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। सिपाही आए दिन शराब पीकर अपने परिवारवालों के साथ मिलकर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था।
13 साल पहले हुई थी शादी
अमरोहा के गांव भानपुर खालसा के वचन सिंह की बेटी पारुल की शादी करीब 13 साल पहले जिले के ही नारंगपुर गांव के देवेंद्र से हुई थी। देवेंद्र यूपी पुलिस में सिपाही हैं। पारुल भी नौकरी करती हैं। वह अपने ससुराल क्षेत्र के ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र इकौदा में GNM के पद पर कार्यरत हैं। सिपाही देवेंद्र रामपुर में तैनात था लेकिन कुछ ही दिन पहले बरेली में उसका ट्रांसफर हुआ है। दोनों को जुड़वां बेटा-बेटी हैं।
प्लॉट को लेकर आए दिन होता था झगड़ा
बरेली ट्रांसफर होने के बाद देवेंद्र एक सप्ताह के लिए छुट्टी पर घर आया था। सिपाही की पत्नी के भाई कपिल सिंह ने बताया कि उसकी बहन के नाम पर एक प्लॉट है। इस प्लॉट को लेकर आए दिन ससुराल के लोग उससे झगड़ते रहते थे। मंगलवार की सुबह देवेंद्र और ससुराल के अन्य लोग प्लॉट को लेकर झगड़ने लगे। इसके बाद सभी मिलकर उसको जान से मारने के लिए पेट्रोल डालकर आग लगा दी l
पारुल को जलता छोड़ परिजन फरार हो गए। महिला के रोने-चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े पहुंचे। मायके वालों को पड़ोसियों ने सूचना दी कि उनकी बेटी को जला दिया गया है। सूचना मिलने के बाद भाई व अन्य लोग पहुंचे। गंभीर हालत में पारुल को स्थानीय अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर्स ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
भाई की तहरीर पर आधा दर्जन परिवारवालों पर एफआईआर
इस मामले में पारुल के भाई कपिल सिंह ने डिडौली थाने में तहरीर दी है। डिडौली पुलिस ने सिपाही देवेंद्र के अलावा सोनू, गजेश, अनीता, जितेंद्र, संतोष के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 109 और 115 2 के तहत केस दर्ज कराया है। वारदात के बाद ससुराली फरार हैं।
बेटी को आए दिन मारते थे, उसकी सैलरी छीन लेते थे ससुराल के लोग
पारुल की मां अनीता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 13 साल पहले हुई थी। बेटी के नाम से एक प्लॉट है जिसे ससुराल के लोग हथियाना चाहते थे। आए दिन झगड़ा और मारपीट करते थे। एक साल पहले भी उसे मारने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की सैलरी भी जबरिया छीन लेते थे।




