ललितपुर
मेडीकल कॉलेज में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये हड़पे
बाकी रकम वसूलने के लिए कनपटी पर लगाया तमंचा, दीं गालियां
पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर दर्ज की एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये का गबन करने और रास्ते में रोकते हुये तीन लाख रुपये की मांग करने का मामला प्रकाश में आया है। इस सम्बन्ध में पीडि़त युवक ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायती पत्र दिया है। शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने एक नामजद व दो अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला आजादपुरा निवासी भूपेन्द्र तिवारी पुत्र स्व.कैलाश नाथ तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन वर्ष पहले उसकी मुलाकात थाना जखौरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम करमुहारा में रहने वाले सत्यभान यादव उर्फ गोलू पुत्र रणवीर सिंह से हुयी थी। भूपेन्द्र के अनुसार गोलू यादव उसके घर अन्य दो साथियों के साथ आने-जाने लगा। इस दौरान गोलू ने बताया कि वह बड़े-बड़े लोगों से पहचान रखता है। उसकी बातों से प्रभावित होकर भूपेन्द्र ने उससे सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इस पर सत्यभान व उसके साथियों ने उससे 10 लाख रुपये में स्वास्थ्य विभाग मेडीकल कॉलेज में लगवाने का दावा किया, जहां से भूपेन्द्र को 60 हजार रुपये प्रतिमाह मिलने की बात भी कही। विश्वास में आकर भूपेन्द्र ने अपना आधार कार्ड, हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, बी-कॉम, एक.कॉम व ट्रिपल सी के दस्तावेज उसे हस्ताक्षर बनाकर दे दिये। इतना ही नहीं भूपेन्द्र ने अपने दोस्त आजादपुरा निवासी देवेन्द्र पटेल पुत्र ऊदल सिंह से 3 लाख 50 हजार रुपये लेकर तुवन टीला निवासी निक्की यादव की मौजूदगी में जिला पंचायत कार्यालय के सामने अपने कार्यालय से माह फरवरी 2023 में गोलू व उसके दोनों साथियों को दिये। तब गोलू ने कहा कि बकाया रुपयों की व्यवस्था जल्द कर दें। इस पर उसने अपने यूनियन बैंक के खाता से तीन चैक विश्वास दिलाने के लिए हस्ताक्षर करके दे दिये। वह सरकारी विभाग में नौकरी लगने की खुशी में था। पीडि़त भूपेन्द्र ने बताया कि उसने अब तक सत्यभान उर्फ गोलू यादव को अपने फोन से रुपये ट्रांस्फर किये और अब तक 7.50 लाख रुपये दे चुका है। जब उसने नौकरी के बारे में गोलू से पूछा तो गोलू ने कहा कि तीन लाख रुपये की और व्यवस्था करो तो वह उसे नियुक्ति पत्र सौंप देगा। जब उसने कहा कि नौकरी लगने के बाद तीन लाख रुपये देने की बात हुयी थी तो सत्यभान आक्रोशित हो गया और उसके साथ गालियां देते हुये कहा कि तीन लाख रुपये की व्यवस्था नहीं की तो उसकी नौकरी नहीं लगेगी। आरोप है कि सत्यभान ने बीती 2 नवम्बर को जब वह अपने दोस्त निक्की यादव के साथ आवश्यक कार्य से अपने प्लाट की साइड पर जा रहा था कि तभी गुरूद्दीन महाविद्यालय से 300 मीटर आगे गोलू ने उसे रोक लिया और कनपटी पर तमंचा लगाकर तीन लाख रुपये की मांग की और बलपूर्वक उसे रोकते हुये उसकी जेब में रखे बीस हजार रुपये निकाल लिये। वह किसी प्रकार अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। अब पीडि़त की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सत्यभान उर्फ गोलू यादव व उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 (2), 352, 351 (3), 333, 308 (5) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।



