बरेली
मतदाता सूची के दावा-आपत्ति की समयसीमा बढ़ी, अब 6 मार्च तक भर सकेंगे फॉर्म

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रही दावा-आपत्ति प्रक्रिया की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब राज्य के मतदाता फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से 6 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
चुनाव आयोग ने यह फैसला मतदाता सूची में बड़ी संख्या में विसंगतियां सामने आने के बाद लिया है।
आयोग के अनुसार 7 जनवरी से 4 फरवरी के बीच फॉर्म-6 के तहत 37.80 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं फॉर्म-7 के माध्यम से 82,684 आवेदन आए हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए जबकि फॉर्म-7 नाम हटाने के लिए उपयोग किया जाता है।
चुनाव आयोग की जांच में पिछली मतदाता सूची में करीब 3.26 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां पाई गईं। इनमें से 2.37 करोड़ मतदाताओं को नोटिस भेजकर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। अब तक 30.30 लाख मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जो कुल मामलों का लगभग 9.2 प्रतिशत है। आयोग का लक्ष्य है कि 27 मार्च तक सभी दावे और आपत्तियों का निपटारा कर लिया जाए।
इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित की जाएगी। चुनाव आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर मतदाता सूची में सुधार सुनिश्चित करें, ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।



