बेतुल
बैतूल सरपंच के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग
बेला पंचायत के पंचों ने एसडीएम को दिया आवेदन, सरपंच को बताया योग्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम पंचायत बेला में सरपंच के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर अब नया मोड़ आ गया है। पंचायत के कई पंचगण खुलकर उनके समर्थन में सामने आ गए हैं और अनुविभागीय दंडाधिकारी को आवेदन देकर प्रस्ताव को रोकने की मांग की है।
ग्राम पंचायत बेला के सरपंच चुहियालाल धुर्वे पर लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पंचगणों ने एसडीएम बैतूल को लिखित आवेदन सौंपा। पंचों ने आवेदन में साफ तौर पर कहा है कि वे सभी अविश्वास प्रस्ताव के लिए सहमत नहीं हैं। पंचगणों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार के दबाव में नहीं हैं और बिना किसी धोखाधड़ी या दबाव के सरपंच चुहियालाल धुर्वे का समर्थन कर रहे हैं। उनका कहना है कि पंचायत में चल रहे विकास कार्यों और सरपंच के नेतृत्व से वे पूरी तरह संतुष्ट हैं।
पंचगणों ने अपने आवेदन में निवेदन किया है कि सरपंच चुहियालाल धुर्वे के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को पूर्णतः निरस्त किया जाए और पंचायत में विकास कार्य उसी तरह चलते रहें जैसे अब तक संचालित हो रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में पंच प्रियंका उइके, अलमसा धुर्वे, रामकिशन धुर्वे, रामप्यारी, नरबदी यादव, सुखवंती उइके, रीना उइके शामिल है।



