निशा कुमारी हत्याकांड में अदालत का फैसला, मैनेजर को आजीवन कारावास
Court verdict in Nisha Kumari murder case, manager gets life imprisonment

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। निशा कुमारी हत्याकांड में म्यूचुअल फंड मैनेजर को धनबाद की अदालत ने सोमवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में 21 जनवरी 2024 को हुए चर्चित निशा कुमारी हत्याकांड में जिला अदालत ने सोमवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए म्यूचुअल फंड के ब्रांच मैनेजर नीरज आनंद को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। महज 18 महीनों में अदालत ने अपना फैसला दिया है. जिला एवं सत्र न्यायधीश पंचम विजय कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने फैसला सुनाया है।
एकतरफा प्यार में पागल था नीरज आनंद
अतिरिक्त लोक अभियोजक समित प्रकाश ने बताया कि बैंक मोड़ स्थित म्यूचुअल फंड ऑफिस का प्रबंधक नीरज आनंद पहले से शादीशुदा था, लेकिन अपनी ही सहयोगी निशा कुमारी के प्रति वह एकतरफा प्रेम और जुनून से ग्रसित था। जब उसे पता चला कि निशा की शादी किसी दूसरे युवक से तय हो चुकी है तो उसके अंदर ईर्ष्या और द्वेष इतनी बढ़ गई कि उसने उसे नुकसान पहुंचाने की योजना बनानी शुरू कर दी।
हत्या से पहले किए 100 कॉल
शादी की खरीदारी के दौरान नीरज ने अपने क्रेडिट कार्ड से धोखे से भुगतान कर सहानुभूति का दिखावा किया। ताकि बाद में इन्हीं खर्चों को ब्लैकमेल मैटेरियल के रूप में इस्तेमाल कर सके। नौकरी छोड़ने के बाद भी आरोपी लगातार निशा को व्हाट्सएप और कॉल के जरिए धमकाता रहा. हत्या से एक रात पहले उसने 100 से अधिक कॉल और 65 मैसेज भेजकर निशा पर ऑफिस आने के लिए दबाव बनाया. रविवार को ऑफिस बंद रहने का फायदा उठाकर वह दो घंटे पहले पहुंच गया और निशा को बुलाकर लगभग दो घंटे तक प्रताड़ित किया. इसके बाद उसने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी।
24 जनवरी 2024 को गिरफ्तार हुआ नीरज आंनद
हत्या के बाद आरोपी ने चाकू और अन्य सामान धोकर एक बैग में रख दिए और ऑफिस का गेट बाहर से बंद कर फरार हो गया। तीन दिनों तक वह कभी बाइक तो कभी एम्बुलेंस के सहारे भागता रहा. आखिर में पुलिस की विशेष टीम ने 24 जनवरी 2024 को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित अनुसंधान पूरा किया और अदालत में चार्जशीट दाखिल की. फॉरेंसिक, इलेक्ट्रॉनिक और साइबर साक्ष्य न्यायालय में निर्णायक साबित हुए. सुनवाई के दौरान पीड़ित पक्ष की ओर से 25 गवाह पेश हुए।
पीड़ित पक्ष ने कोर्ट के निर्णय पर जताया संतोष
अनुसंधानकर्ता पदाधिकारी रमन कुमार विश्वकर्मा, साधन कुमार और रंजीत कच्छप ने पूरे मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 18 महीनों की कानूनी लड़ाई और 49 दिनों की सुनवाई के बाद अदालत ने सोमवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया. फैसले के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और न्यायालय के निर्णय पर संतोष व्यक्त किया है।



