ट्रू गांधीयन ग्रुप और मानवाधिकार संगठन का साझा संकल्प
सामाजिक बदलाव के लिए मिलकर काम करने का आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोकारो। सामाजिक सरोकारों और गांधीवादी मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ट्रू गांधीयन ग्रुप द्वारा सिटी सेंटर स्थित कार्यालय में सह-मिलन एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानवाधिकार संवैधानिक सुरक्षा संघ से जुड़ी महिला पदाधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों और नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक सहयोग और साझा जनहित के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
कार्यक्रम का संचालन ट्रू गांधीयन ग्रुप की उपाध्यक्ष संध्या मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों के बीच संवाद और सहयोग समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
मानवाधिकार संवैधानिक सुरक्षा संघ की प्रतिनिधि संगीता प्रसाद ने संगठन के उद्देश्यों से उपस्थित लोगों को अवगत कराते हुए कहा कि सामाजिक न्याय, मानवाधिकार, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक समानता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा जैसे विषयों पर ट्रू गांधीयन ग्रुप और उनका संगठन मिलकर प्रभावी पहल कर सकते हैं।
ट्रू गांधीयन ग्रुप के संस्थापक अनूप चौबे ने संगठन की विचारधारा और कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों संगठनों के उद्देश्य काफी हद तक समान हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संयुक्त प्रयासों से समाज में मानवीय मूल्यों की स्थापना और सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकते हैं।
वरिष्ठ गांधीवादी समाजसेवी, साहित्यकार एवं कवि राजेश्वर प्रसाद ने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित छात्र आंदोलन में अपनी भागीदारी के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर युवाओं की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाना चाहिए तथा समाज को उनके लोकतांत्रिक संघर्षों के साथ खड़ा होना चाहिए।
मानवाधिकार संघ की जिला प्रभारी पिंकी देवी ने घरेलू हिंसा के मामलों में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रीता कुमारी ने महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए संयुक्त कार्यक्रम चलाने का प्रस्ताव रखा। वहीं ट्रू गांधीयन ग्रुप की स्नेहलता ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, नेतृत्व में उनकी भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत करने की आवश्यकता पर विस्तार से अपने विचार रखे।
ट्रू गांधीयन ग्रुप के संचालक नरेंद्र ने संगठन की विचारधारा को स्पष्ट करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही नफरत, हिंसा और विभाजनकारी सोच का प्रभावी उत्तर केवल गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के विचारों में निहित है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से ट्रू गांधीयन ग्रुप इन्हीं मूल्यों को समाज में स्थापित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने समान उद्देश्यों वाले सभी गैर-सरकारी संगठनों से एक साझा मंच पर आकर जनहित के मुद्दों पर संयुक्त रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नए साथियों विकास कुमार, मंजीत कुमार और शिवदयाल यादव ने भी समाज में ऐसे जनोन्मुखी संगठनों की आवश्यकता पर बल दिया और संगठन के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष संध्या मिश्रा ने सभी अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई दिशा तय करेंगे। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



