बैंक लोन धोखाधड़ी पीड़ित ने दी तहरीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा सैद नंगली थाना क्षेत्र के सब्दलपुर शर्की निवासी कैलाश ने धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कैलाश का आरोप है कि उसके नाम पर धोखे से एक लाख रुपए का बैंक लोन निकाला गया और जब उसने विरोध किया तो जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकाया गया।कैलाश ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 में गांव के दो युवक उसे यूपी प्रथमा ग्रामीण बैंक सैदनगली ले गए थे। उन्होंने कैलाश से कहा कि बैंक में एक जमानती की आवश्यकता है। कैलाश का आरोप है कि इन युवकों ने बैंक के फील्ड मैनेजर की मिलीभगत से पहले ही उसके नाम पर लोन की फाइल तैयार कर ली थी।
बैंक में उससे फाइल पर हस्ताक्षर कराकर उसे घर भेज दिया गया और उसके नाम पर एक लाख रुपए का ऋण निकाल लिया गया। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब कैलाश के घर लोन भुगतान का नोटिस आया। इस संबंध में गांव में एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों युवकों और फील्ड मैनेजर ने 20 दिनों के भीतर लोन की रकम जमा करने की बात स्वीकार की थी।हालांकि, बाद में वे अपने वादे से मुकर गए और पैसा जमा करने से इनकार कर दिया। कैलाश का आरोप है कि जब उसने उनसे लोन की रकम जमा करने के लिए कहा, तो आरोपियों और फील्ड मैनेजर ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।कैलाश के साथ मारपीट करने की कोशिश की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शनिवार को पीड़ित कैलाश अपने परिवार के साथ थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


