गोड्डा के युवक की गुजरात में काम के दौरान गिरने से मौत

पथरगामा ( गोड्डा ): प्रखंड के माल निस्तारा पंचायत निवासी 25 वर्षीय विकास कुमार की गुजरात में मजदूरी के दौरान दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक विकास कुमार इसी साल के फरवरी माह में मजदूरी के लिए गुजरात के छत्राल इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में वाटर मशीन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व फैक्ट्री में काम करते समय विकास कुमार अचानक फैक्ट्री की बिल्डिंग से गिर गया। उसे फैक्ट्री के कर्मचारियों की सहायता से तुरंत अहमदाबाद के जीएमआरएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मंगलवार को एम्बुलेंस से विकास कुमार का शव माल निस्तारा गांव पहुंचा जिसके बाद गांव में सन्नाटा छा गया। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, पिता राजू भंडारी, माता आशा देवी और छोटे भाई सूरज कुमार समेत परिजन बड़े रोष और गमगीन होकर परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।



