बांध निर्माण में लापरवाही पर डीएम नाराज़
हरदोई राजा और बीरपुरा में बरसात के बीच किया निरीक्षण, दिए सुधार और रिकवरी के आदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने वर्षा के दौरान हरदोई राजा व बीरपुरा गांवों में निर्माणाधीन जल रोधक बांधों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। भारी बारिश व कीचड़ के बावजूद डीएम स्वयं खेतों में पैदल चलकर निर्माण की वास्तविक स्थिति परखने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बांध निर्माण तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं है और कार्य की गुणवत्ता बेहद कमजोर है।
यह बांध ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन, भूमि कटाव रोकने और वर्षा जल को रोके रखने के उद्देश्य से बनाए जा रहे हैं, किंतु लापरवाही के चलते इसका उद्देश्य अधूरा रह गया। जिलाधिकारी ने कार्य में अनियमितता पर गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द सुधार करने के साथ ही दोषियों से वसूली की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की योजनाओं में लापरवाही किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। मौके पर सीडीओ केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह और बीडीओ प्रशांत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


