गौशालाओं के निरीक्षण में लापरवाही पर डीएम का कड़ा रुख
13 अधिकारियों का वेतन रोका, कई पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन : गौवंश संरक्षण व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान निरीक्षण कार्यों में नोडल अधिकारियों की उदासीनता सामने आने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सख्त कदम उठाए हैं। 13 अधिकारियों का वेतन रोका गया है, 5 को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई, जबकि 3 अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में गौशालाओं में चारा, साफ पानी और स्वच्छता की व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी गौवंश सड़क पर न दिखे, और यदि कोई पशुपालक अपने पशु को छोड़ता है तो उस पर जुर्माना लगाया जाए।
बैठक में सीडीओ के.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह कार्रवाई गौवंश संरक्षण के प्रति प्रशासन की सख्त प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

