गोड्डा
सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले को लेकर गोड्डा से होगी आंदोलन की शुरुआत : श्यामदेव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। सूर्या नारायण हांसदा हत्याकांड मामले में न्याय की लड़ाई और सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए 06.09.25 को झारखंड क्रांति सेना और छात्र समन्वय समिति की संयुक्त टीम सूर्या हांसदा के पैतृक गांव डकैता स्थित उनके घर पहुंची| जहां सूर्या के परिवार जनों से मिलकर आगे के आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। छात्र नेता श्यामदेव हेम्ब्रम ने बताया कि सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर 11 सितंबर 2025 को गोड्डा से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। जो एक विशाल आक्रोश रैली के रूप में होगी| गोड्डा शहर में आयोजित कार्यक्रम में कई संगठन, छात्र, बुद्धिजीवी और आम जनता शामिल होंगे। रैली के पश्चात गोड्डा डीसी के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को सीबीआई जांच की मांग को लेकर पत्र दिया जाएगा। गोड्डा में आंदोलन करने के बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे संथाल परगना में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुमका में 19 सितंबर, पाकुड़ में 26 सितंबर एवं संथाल के बाकी जिलों में नवंबर महीने में आंदोलन किया जाएगा।
फिर भी सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं हुई तो नवंबर महीने में झारखंड बंद किया जाएगा। इसकी जानकारी सूर्या के घर से मीडिया को संबोधित कर दी गई। इससे पहले दुमका से गई संयुक्त टीम ने गोड्डा छात्रावास में कई सामाजिक संगठन और छात्रों की उपस्थिति में बैठक की, जहां आंदोलन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी ने इस न्याय की लड़ाई को लेकर अपनी भागीदारी बढ़ चढ़कर देने की सहमति जताई। मौके पर छात्र नेता डॉ श्यामदेव हेंब्रम, राजीव बास्की, क्रांति सेना के महासचिव निखिल मुर्मू, अध्यक्ष अमर मरांडी, युवा नेता और समाजसेवी प्रो. निर्मल मुर्मू, प्रो. अनूप लाल सोरेन, रितेश मुर्मू, डोनाल्ड हेंब्रम, राजू, प्रेम, सीमांत, ठाकुर, सुलिश सहित सैकड़ो की संख्या में गोड्डा छात्रावास के छात्र और काफी संख्या में सामाजिक संगठन के लोग उपस्थित थे।



