बोकारो

नावाडीह कृषक पाठशाला में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो : अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर नावाडीह कृषक पाठशाला परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों, एफपीओ एवं पैक्स प्रतिनिधियों को सहकारिता के महत्व, वित्तीय सशक्तिकरण एवं केंद्र व राज्य सरकार की कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में डीडीएम नाबार्ड बोकारो फिलमोन बिलुंग मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पैक्स के कंप्यूटरीकरण की आवश्यकता और इसके उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कंप्यूटरीकरण से पारदर्शिता बढ़ेगी, कार्यों में तेजी आएगी और किसानों को समय पर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने नाबार्ड की भूमिका पर चर्चा करते हुए बताया कि नाबार्ड ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सहकारिता संस्थाओं, एफपीओ और किसानों के लिए निरंतर सहयोग प्रदान करता है।

डीडीएम नाबार्ड ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से सस्ती दरों पर ऋण सुविधा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदाओं से फसल सुरक्षा, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन एवं सुकन्या समृद्धि योजना के जरिए बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यशाला में राज्य सहकारिता बैंक, फुसरो शाखा के शाखा प्रबंधक आशुतोष तिवारी ने सहकारिता बैंक की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण प्रणाली, बचत एवं बीमा सेवाओं के साथ-साथ किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपलब्ध विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता बैंक किसानों का अपना बैंक है और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण में इसकी अहम भूमिका है।

वहीं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने किसानों को जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती (ईवीएम) के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए बताया कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती से लागत कम होती है, मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर अनवर अंसारी, चन्दन शर्मा, मदन महतो, उदय साव, लालू महतो, मिश्र महतो, मिथिलेश महतो, भुनेश्वर महतो, ऋषि कुमार, यशमुद्दीन अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button