झमाझम हुई बारिश,गर्मी से मिली राहत, शहर में जलभराव से हुई मुसीबत।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हापुड़। जिले में शुक्रवार की दोपहर को जमकर झमाझम बारिश हुई।बारिश की वजह से एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, तो वहीं दूसरी ओर शहर में हुए जल भराव से लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद वाहन सवार भी काफी देर तक जाम से जूझते हुए दिखाई दिए। आपको बता दें कि हापुड़ जिले में शुक्रवार की दोपहर को करीब 2 बजे से आसमान में अचानक से काले बादल छा गए और देखते ही देखते मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे हुई बरसात की वजह से एक तरफ तापमान गिरने से जहां लोगों को राहत मिली, तो वहीं दूसरी ओर शहर में चारों ओर जल भराव हो गया। हापुड़ जिले का ऐसा कोई स्थान नहीं था, जहां बारिश का पानी ना भरा हो। शहर में जल भराव ना हो इसका जिम्मा संभालने वाला विभाग हापुड़ नगर पालिका परिषद ही खुद पानी में डूबा हुआ नजर आया। शहर का गोल मार्केट, रेलवे रोड, तहसील चौराहा, गढ़मुक्तेश्वर रोड आदि के अलावा एसडीएम कार्यालय भी पानी में डूबा हुआ नजर आया. स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश आने से भले ही राहत मिली हो, लेकिन नगर पालिका के खोखले दावे और इंतजामातों की वजह से शहर के लोगों को जल भराव की वजह से मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है।



