बरेली
सर्विलांस सेल और थानों की टीम ने जिलेभर से गुम हुए 50 लाख के 266 मोबाइल लौटाए
थाना सुभाष नगर सहित सात को दो-दो हजार पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के दिशा निर्देशन में जिले में प्रत्येक महीने गुम हुई मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय सभागार में पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने स्वयं मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए। खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। लोगों ने बरेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की इस पहल को लेकर धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने उम्मीद ही छोड़ दी थी, मगर मोबाइल वापस मिलना किसी उपहार से कम नहीं है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में हर महीने खोए मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मई में सर्विलांस टीम और जिलेभर के थानों की कंप्यूटर सेल ने मिलकर सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी मदद से मोबाइल ट्रैक किए और उन्हें मालिकों तक पहुंचाया। मोबाइलों की बरामदगी में हमेशा की तरह पुलिस की सर्विलांस सेल अव्वल रही जिसने 30 मोबाइल ढूंढे । जतिन सक्सेना,थाना नवाबगंज से प्रीतम सिंह सहित सात कंप्यूटर ऑपरेटरों को दो-दो हजार का नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।



