झुंझुनू

बहुजन एकता सम्मेलन की समीक्षा बैठक सम्पन्न

संविधान की प्रतिलिपि देकर किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं। विशाल बहुजन एकता सम्मेलन की समीक्षा बैठक शुक्रवार को अम्बेडकर भवन झुंझुनूं में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी मनीराम देवरोड़ ने की। बैठक का शुभारंभ संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करके किया गया। इसी अवसर पर शहीद ऊधम सिंह का बलिदान दिवस भी श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका त्याग और संघर्ष आज भी देशवासियों को अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। बैठक को संबोधित करते हुए सम्मेलन के संयोजक विकास आल्हा ने सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, कार्यकर्ताओं, भामाशाहों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले प्रत्येक साथी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता, सहयोग और समर्पण के कारण ही यह सम्मेलन बहुजन समाज की एकता, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने वाला एक ऐतिहासिक आयोजन बन सका। बैठक के दौरान सम्मेलन में प्राप्त आर्थिक सहयोग एवं हुए व्यय का पूर्ण पारदर्शी आय-व्यय विवरण सभी उपस्थित साथियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शेष बची राशि को सुरक्षित रखा जाएगा तथा उसका उपयोग आगामी बहुजन एकता सम्मेलन एवं समाजहित के कार्यक्रमों के आयोजन में किया जाएगा। समीक्षा बैठक में उपस्थित गणमान्य सदस्यों का भारतीय संविधान की प्रतिलिपि एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बैठक की अध्यक्षता कर रहे मनीराम देवरोड़ ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने सभी से संविधान की रक्षा, सामाजिक समरसता तथा बहुजन समाज की एकता को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।बैठक में आगामी सामाजिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों, जनजागरण अभियानों तथा बहुजन समाज की एकता को सशक्त बनाने के लिए भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रामानंद आर्य, डॉ. संपत बारूपाल, डॉ. कमल मीणा, कमलेश काला, जिशान पठान, महेंद्र सिंह चारावास, एडवोकेट बजरंग लाल, बृजमोहन, मुस्तफा मनियार, रणधीर सिंह झाझड़िया, सतीश ईश्वरपुरा, रोहितास बोयल, उम्मेद गर्वा, दयानंद मेहरानिया, सुनील राठी, सज्जन मेहरिया, किशोर किलानिया, विजेंद्र काकोड़ा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विशाल बहुजन एकता सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता पर सभी उपस्थित साथियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं तथा सामाजिक एकता, भाईचारे और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। अंत में संयोजक विकास आल्हा ने पुनः सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इसी शक्ति के बल पर भविष्य में भी संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा और बहुजन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य तथा जनजागरण अभियान जारी रहेंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button