गोड्डा
फाइलेरिया की रोकथाम को लेकर सभी स्वास्थ्य कर्मियों की हुई अहम बैठक
कहा- ग्राम सभा तथा रात्रि चौपाल के माध्यम से चलाया जाएगा जनजागरूकता अभियान।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : सदर प्रखंड के बैठक कक्ष में प्रथम चिकित्सा पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। वहीं बैठक में प्रखंड क्षेत्र के 38 हेल्थ सब सेंटर (एचएससी) से आए हुए कुल 71 एएनएम ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य एमडीए/आईडीए कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु रणनीति तय करना था। उक्त बैठक में प्रथम चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा कहा गया कि सदर प्रखंड को फाइलेरिया मुक्त ब्लॉक बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक लाभार्थी को दवा समक्ष में बैठाकर खिलाई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रह जाए। इस विषय पर सभी उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
वहीं बैठक में उपस्थित पीरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम ऑफिसर अमरेन्द्र झा ने फाइलेरिया रोग, उसके लक्षण, बचाव तथा उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि हाई प्रायोरिटी गांवों में ग्राम सभा तथा रात्रि चौपाल के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाना आवश्यक है।सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता अश्विनी कुमार ने प्लान एवं फैमिली रजिस्टर के माध्यम से सटीक एवं प्रभावी कार्य-योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक घर की सही जानकारी संकलित कर सुनिश्चित किया जाए कि दवा वितरण में कोई भी चूक न हो। वहीं शिवेन्द्र कुमार ने सभी एएनएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र की परिवार सूची एवं जनसंख्या विवरण को सही ढंग से संकलित कर समय पर कार्यालय में जमा करें। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि एक भी लाभार्थी दवा से वंचित न रह जाए। वहीं बैठक के अंत में सामूहिक संकल्प लिया गया कि सभी स्वास्थ्यकर्मी मिलजुल कर समर्पण एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करेंगे और सदर प्रखंड को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।




