मुरादाबाद

अस्पतालों में लापरवाही पर भड़कीं महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने गुरुवार को जिला पुरुष चिकित्सालय और महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की गैरहाजिरी और व्यवस्थाओं में लापरवाही देखकर उपाध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए अस्पताल प्रशासन को फटकार लगाई और समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।
हाजिरी लगाकर ड्यूटी से गायब
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी चूक हाजिरी रजिस्टर में पकड़ी गई। डॉक्टरों ने रजिस्टर में हाजिरी तो लगा रखी थी, लेकिन मौके से नदारद थे। इस पर उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित डॉक्टरों को जमकर फटकारा और इसे घोर लापरवाही करार दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता गुप्ता से जवाब मांगा और पूछा कि ऐसी स्थिति पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में कोई डॉक्टर गैरहाजिर मिला तो सीधे कार्रवाई की जाएगी।
अगली बार मिली गड़बड़ी तो होगी कार्रवाई
इसके अलावा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवा वितरण प्रणाली और मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। महिला वार्ड में कुछ जगहों पर गंदगी और असुविधाएं मिलने पर सफाई कर्मचारियों को भी निर्देशित किया गया। चारु चौधरी ने कहा कि मरीजों, खासकर महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला आयोग का उद्देश्य है कि हर महिला को समय पर और उचित इलाज मिले। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को सजग होकर काम करना चाहिए, क्योंकि यह सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़ा मामला है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button