गोड्डा
महिलाओं की भागीदारी से मछली पालन प्रशिक्षण का आगाज़, नेतृत्व क्षमता को मिला नया मंच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : पथरगामा स्थित एकता समुदाय प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), मत्स्य पालन विभाग एवं प्रदान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय आवासीय मछली पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में गोड्डा जिले के चार प्रखंड —ठाकुरगंगटी, मेहरमा, महगामा और बसंतराय से आए 40 मछली पालकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण की सबसे उल्लेखनीय बात रही 95% महिला प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी, जिसने न केवल महिलाओं की क्षेत्रीय भागीदारी को उजागर किया बल्कि मछली पालन को महिला-केंद्रित आजीविका विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी दिया। प्रशिक्षण की शुरुआत सहभागितापूर्ण गतिविधियों से हुई, जिसमें किसानों को यह सोचने के लिए प्रेरित किया गया कि मछली पालन एक लाभकारी और स्थायी आजीविका विकल्प कैसे हो सकता है। इसके पश्चात हुए तकनीकी सत्रों में विस्तृत चर्चा की गई,
उपयुक्त मछली प्रजातियों का चयन, प्री-स्टॉकिंग से पोस्ट-स्टॉकिंग तक की समुचित प्रक्रिया, मछलियों का आहार प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण के उपाय मौसमी तालाबों का संचालन व प्रबंधन पहले दिन की समाप्ति ब्लॉकवार कार्ययोजना निर्माण गतिविधि के साथ हुई, जिसमें किसानों ने अपने-अपने क्षेत्र में मछली पालन को व्यवहारिक रूप से अपनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की। प्रशिक्षण का संचालन प्रदान संस्था से आए अदिति, आशुतोष और राजेश यादव द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागी महिलाओं ने आत्मविश्वास के साथ मछली पालन को एक सशक्त आजीविका के रूप में अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। यह प्रशिक्षण न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, बल्कि ग्रामीण महिलाओं में स्वामित्व और नेतृत्व भावना को भी मजबूती प्रदान करने वाला साबित हुआ। यदि इस प्रकार के प्रशिक्षण और सहयोग लगातार मिलते रहें, तो आने वाले समय में मछली पालन ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई राह खोल सकता है।



