गाजियाबाद

मनोज धामा के सियासी कदम से तय होंगे लोनी विधानसभा के नए समीकरण!

रंजीता धामा के निर्दलीय चुनाव ने बदला था मुकाबले का गणित, अब मदन भैया के साथ एक ही दल में होने से बढ़ी लोगों  की दिलचस्पी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी (गाजियाबाद)। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ लोनी की सियासत में नए समीकरण बनने लगे हैं। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज धामा के अगले राजनीतिक कदम को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। समाजवादी पार्टी से उनकी संभावित नजदीकी और बहुजन समाज पार्टी में जाने की पुरानी अटकलों के बीच अब उनके पिछले चुनावी घटनाक्रम भी राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा का विषय बन रहे हैं।

दरअसल, पिछले विधानसभा चुनाव में मनोज धामा की पत्नी रंजीता धामा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर अच्छे-खासे वोट हासिल किए थे। उनके चुनाव लड़ने से लोनी का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया था। रंजीता धामा को मिले वोटों ने चुनावी गणित को इस कदर प्रभावित किया कि इसका अप्रत्यक्ष लाभ भाजपा प्रत्याशी को मिला। राजनीतिक चर्चाओं में माना जाता है कि उनके खाते में गए वोटों ने मदन भैया की चुनावी संभावनाओं को प्रभावित किया और अंततः उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, चुनावी नतीजों के पीछे कई कारक रहे थे, लेकिन रंजीता धामा की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अब बदले हुए समीकरण में होगी नई सियासी परीक्षा

इस बार लोनी की राजनीतिक परिस्थितियां पहले से अलग नजर आ रही हैं। पिछले चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक राहों पर रहे मदन भैया और मनोज धामा अब एक ही दल में हैं। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक तालमेल, स्थानीय नेतृत्व की भूमिका और आगामी चुनाव में टिकट की दावेदारी महत्वपूर्ण मुद्दे बन सकते हैं।

मनोज धामा पहले ही लोनी विधानसभा से चुनाव लड़ने की अपनी महत्वाकांक्षा जाहिर कर चुके हैं। वहीं, सपा की ‘साइकिल’ से जुड़े उनके हालिया बयानों ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दी है। दूसरी ओर, बसपा में जाने की चर्चाएं भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं। हालांकि, अभी तक उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

2022 का चुनावी इतिहास, 2027 की नई चुनौती

राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में रंजीता धामा का पिछला निर्दलीय चुनाव लड़ना और इस बार मनोज धामा की सक्रिय चुनावी दावेदारी, दोनों ही आगामी चुनाव के लिहाज से अहम हैं। पिछली बार उनके अलग चुनाव लड़ने से जिस तरह मुकाबले का गणित प्रभावित हुआ था, इस बार एक ही दल में होने के कारण राजनीतिक समीकरण अलग दिशा ले सकते हैं।

अब सवाल यह है कि मनोज धामा अपनी चुनावी महत्वाकांक्षा को किस राजनीतिक मंच से आगे बढ़ाएंगे? क्या वह पार्टी के भीतर रहकर टिकट की दावेदारी करेंगे या फिर किसी नए राजनीतिक विकल्प के साथ मैदान में उतरेंगे? इतना जरूर है कि 2027 में लोनी का विधानसभा चुनाव केवल प्रत्याशियों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि पिछले चुनाव के राजनीतिक घटनाक्रमों और बदलते सियासी रिश्तों की भी अग्निपरीक्षा साबित हो सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button