मेंझीया पंचायत में साईं बाबा हेल्थ केयर सेंटर का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी अब गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा
National Press Times Bureau.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। मेंझीया पंचायत में ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधा की एक नई पहल की गई है। पंचायत भवन परिसर में साईं बाबा हेल्थ केयर सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेझीया पंचायत की मुखिया मिरुधी सोरेन और भागीरथ पंडित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुखिया मिरुधी सोरेन ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कोई न कोई बीमारी हमेशा बनी रहती है। ऐसे में गांव में स्वास्थ्य सुविधा का होना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को छोटे-मोटे इलाज के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़े। वहीं भागीरथ पंडित ने कहा कि साईं बाबा हेल्थ केयर सेंटर में लोगों की नियमित जांच की जाएगी। यदि किसी मरीज की स्थिति गंभीर पाई जाती है, तो उसे सही समय पर उचित अस्पताल में भेजकर उसका इलाज सुनिश्चित कराया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अब गांव के लोगों को समय पर इलाज की सुविधा मिलेगी। केंद्र के संचालकों ने बताया कि यहाँ ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन सहित कई जांच सुविधाएँ और निःशुल्क परामर्श एवं प्राथमिक उपचार सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।


