बारिश का कहर: मंदिर की दीवार भरभराकर गिरी, बड़ा हादसा टला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे में देर रात से रुक-रुक कर हुई मूसलधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। बाईपास शिवाल मार्ग स्थित एक मंदिर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और बरसात का पानी सड़क किनारे खड़ी धान की फसल में भर गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दीवार की नींव कमजोर हो गई थी। इसी वजह से दीवार अचानक ढह गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय निवासी शाहरुख ने बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क पर जल भराव की समस्या बन गई है जिसके चलते मोहल्ले वासियों को मार्ग से निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और सड़क किनारे कुछ लोग अपने वाहन खड़े कर अतिक्रमण करते हैं, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
वहीं, कांधला नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

