बस रूट विवाद में डबल डेकर बस में तोड़फोड़ और फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड़। प्राइवेट बसों के निर्धारित रूट को लेकर हुए विवाद में हाईवे पर बस के स्टाफ और यात्रियों से मारपीट और फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में हापुड़ देहात थाना पुलिस ने दो आरोपियों को काली नदी क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया जबकि मौका पाकर एक आरोपी वहां से फरार हो गया था । पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया जहां से वे दोनों आरोपी जेल चले गए ।
हापुड देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस मलिक ने बताया कि , कुछ दिन पहले प्राइवेट बस के संचालन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था । एक पक्ष के लोगों ने बस पर हमला करते हुए उसके स्टाफ और यात्रियों के साथ मारपीट की थी जिसमें दहसत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ताहिर निवासी मोहल्ला चौधरियान, थाना स्याना बुलंदशहर तथा अनवार निवासी ग्राम राधना, थाना किठौर मेरठ को गिरफ्तार कर लिया जबकि इनका एक साथी मौके से फरार हो गया है । पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है जिसके बाद माननीय न्यायालय ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है ।




