इलामी पंचायत की बुनियादी समस्याओं को लेकर आबुतालाहा ने जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात
Abu Talaha met with public representatives to discuss the fundamental issues of the Ilami Panchayat.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। इलामी पंचायत की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के पाकुड़ विधानसभा महासचिव आबुतालाहा ने विधायक निसात आलम, झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम तथा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तनवीर आलम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंचायत में जनसुविधाओं के विस्तार एवं ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का आग्रह किया। आबुतालाहा ने ईलामी बागानपाड़ा स्थित ईदगाह के सामने तोड़ाई नदी पर पुल निर्माण, शंकर रविदास के घर के सामने चापाकल लगाने, ईदगाह मैदान के सामने सोलर लाइट स्थापित करने तथा राजेश के घर के सामने घाट निर्माण की मांग उठाई। इसके अलावा विधवा पेंशन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने तथा जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं की ओर भी जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया। आबुतालाहा ने कहा कि जनसेवा का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास करना है। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा जरूरतमंद परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद के लिए प्रयासरत रहने की बात कही। आगामी पंचायत चुनाव में ईलामी पंचायत से मुखिया पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में भी आबुतालाहा जनसंपर्क कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उठाई गई इन मांगों से ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीद जुड़ी है।



