अज्ञात चोरों ने गांव झाड़खेड़ी में मकान से नकदी व जेवरात चुराए
फॉरेंसिक टीम ने गांव में पहुंचकर एकत्र किये घटना से जुड़े साक्ष्य

घटना को संदिग्ध मानकर चल रही पुलिस
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
कैराना। अज्ञात चोरों ने गांव झाड़खेड़ी में ग्रामीण के घर में घुसकर नकदी व जेवरात चोरी कर लिये। मामले की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने गांव में पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, पुलिस चोरी की घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है। गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने क्षेत्र के गांव झाड़खेड़ी में शब्बीर के घर में घुसकर चोरी कर ली। आरोप है कि घर के अंदर कमरे में रखी अलमारी से 20-25 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी किये गए है। घटना के वक्त शब्बीर के पुत्र हारुण, फारुख व मारूफ ऊपर कमरों में सोए थे, जबकि शब्बीर की पत्नी वहीदा मकान के आंगन में सोई थी। सुबह चार बजे परिवार के लोगो को चोरी की घटना की जानकारी हुई, जिस पर उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची तथा घटना की जानकारी जुटाई। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। प्रत्येक बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है।


