गोड्डा
झारखंड विधानसभा की आवास समिति के सभापति ने की विकास योजनाओं की समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : स्थानीय सर्किट हाउस में झारखंड विधानसभा की आवास समिति के सभापति दशरथ गागराई की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ सरकारी भवनों और आवासों की वर्तमान स्थिति तथा निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे के द्वारा समिति को जिला अंतर्गत विभिन्न आवास योजना सहित ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा समीक्षा के क्रम में भवन निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, पेयजल, स्वच्छता प्रमंडल विभाग, विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अंतर्गत पूर्व में निर्मित सरकारी भवनों एवं आवासों की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में भवनों और आवासों की मरम्मति व नवनिर्माण की आवश्यकता, संबंधित विभागों के साथ पत्राचार की स्थिति, निर्माण कार्यों में अग्नि सुरक्षा एवं तड़ित चालक जैसे सुरक्षा मानकों के अनुपालन, पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली गई। सभापति के द्वारा सभी विभागों को योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त अंजली यादव, उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता, प्रेमलता मुर्मू, जिला भू -अर्जन पदाधिकारी रितेश जयसवाल, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वाटर जेपीएन चौधरी, जिला भू -अर्जन पदाधिकारी रितेश जयसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता अविनाश पूर्णेन्दु, सिविल सर्जन, डॉ० एससी मिश्रा, सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अभय कुमार झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल, जिला पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार सिंह, जिला खनन पदाधिकारी सन्नी कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



