मथुरा

मथुरा में बड़ा हादसा: टीला खिसकने से तीन मकान जमींदोज, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा : रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गोविंद नगर क्षेत्र के शाहगंज दरवाजा इलाके में एक पुराना टीला अचानक खिसक गया। टीले के खिसकते ही वहां बने तीन मकान भरभराकर गिर पड़े। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार गूंजने लगी। घटना सिद्ध बाबा मंदिर के पास की है, जहां यह टीला सालों से स्थित था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह टीला अचानक सरकने लगा और उसकी चपेट में आकर तीन मकान मलबे में तब्दील हो गए। इन मकानों में रह रहे परिवारों के साथ-साथ पास में निर्माण कार्य कर रहे मजदूर भी इसकी चपेट में आ गए। प्रशासन को आशंका है कि करीब 12 लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, मलबे में दबे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जेसीबी मशीनों और राहत दल की मदद से बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। अब तक एक युवक को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है। घटना के समय मौके के पास मौजूद लेखपाल संजय रोहिला ने बताया कि उनका घर घटनास्थल के पास ही है। वे अपनी कार गैराज से निकालने बाइक से आए थे, साथ में पत्नी और बेटा भी थे। तभी उन्होंने देखा कि टीला अचानक खिसकने लगा। संजय ने बिना देर किए बाइक वहीं छोड़ी और परिवार को लेकर भाग खड़े हुए। संजय ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से देखा कि दो छोटे बच्चे मलबे के साथ नीचे गिरते चले गए, जबकि कुछ मजदूर भी मलबे में दबते दिखे। खुद संजय को भी हल्की चोटें आई हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हैं। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर बचाव कार्य तेज कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता राहत और बचाव कार्य है और इसके बाद हादसे की वजहों की गहराई से जांच की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button