जालौन

मिशन शक्ति केन्द्र की पहल रंग लाई, तीन साल बाद फिर साथ रहने को राजी हुए दंपत्ति

 काउंसलिंग से दूर हुई गलत फहमियां, बिखरते परिवार को पुलिस ने फिर जोड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन (उरई)। कोतवाली जालौन स्थित मिशन शक्ति केन्द्र की सक्रिय और संवेदनशील पहल से एक लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद सुलझ गया। करीब तीन वर्षों से अलग रह रहे पति-पत्नी ने काउंसलिंग के बाद पुनः साथ रहने का फैसला लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला तोपखाना निवासी हसीन अख्तर पुत्र शहजाद खां ने अपनी पत्नी सानिया पर अभद्र व्यवहार एवं परिवारजनों को अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति केन्द्र के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार यती ने तत्काल संज्ञान लिया। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मी दीपिका सिंह द्वारा दोनों पक्षों को थाने बुलाकर आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई। जांच में सामने आया कि दोनों की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। बीते तीन वर्षों से दोनों अलग रह रहे थे। इस दौरान पत्नी द्वारा पारिवारिक न्यायालय उरई में मुकदमा भी दायर किया गया था, जो बाद में अनुपस्थिति के कारण निरस्त हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदक के भाई फहीद खां को भी बुलाकर समझाइश दी। पुलिस टीम ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया और आपसी गलतफहमियों को दूर किया। काउंसलिंग के बाद दोनों ने आपसी सहमति से एक साथ रहने और नए सिरे से जीवन शुरू करने का निर्णय लिया। इस पहल से न केवल एक परिवार टूटने से बच गया, बल्कि बच्चों को भी माता-पिता का साया दोबारा मिल सका। उल्लेखनीय है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जालौन पुलिस लगातार ऐसे पारिवारिक मामलों को संवेदनशीलता के साथ सुलझाने का कार्य कर रही है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम कर रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button