
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) : हापुड़ में एक बार फिर आवारा कुत्तों का आतंक दिखाई दिया है । घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से बच्चा ज़मीन पर गिरकर घायल हो गया । कुत्तों के हमले का वीडियो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया जो अब सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है ।
हापुड में आवारा कुत्तों का आंतक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में घर के बाहर दोस्त के साथ बच्चे खेल रहे थे , इसी दौरान मासूम बच्चों पर गली के आवारा कुत्ते ने हमला बोल दिया । जिससे बच्चों में भगदड़ मच गई । आवारा कुत्ते ने छात्र के पैर पर काटते हुए हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में बच्चा ज़मीन पर गिर गया और घायल हो गया । कुत्ते के इस हमले में मासूम बच्चा बुरी तरह ज़ख़्मी हो गया है जिसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया है । यह घटना वहां पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई ।
हापुड़ में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। जिससे बच्चों और आम लोगों को खतरा बना रहता है । स्थानीय लोगों का आरोप है कि हापुड़ नगरपालिका की प्रशासनिक अनदेखी के कारण यह स्थिति बनी है और शिकायतें करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है ।
इस मामले में हापुड नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है । आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए जल्द कार्यवाही की जाएगी ।




