गुना
नवीन आपराधिक कानूनों के सफल एक वर्ष पूर्ण होने पर गुना पुलिस द्वारा कार्यशाला आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गुना : नवीन आपराधिक कानूनों के सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में आज गुना पुलिस कंट्रोल रूम में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया । इस अवसर पर जिले के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति में नवीन आपराधिक विधानों पर विस्तृत चर्चा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया ।कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर तथा जिला अभियोजन अधिकारी हजारीलाल वैरवा द्वारा पुराने कानूनों की तुलना में लागू हुए नवीन आपराधिक कानूनों में हुए बदलावों, विवेचना की प्रक्रिया में आए सुधारों और न्यायालयीन विचारण में होने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई । वक्ताओं ने बताया कि ये नवीन प्रावधान न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, त्वरित और जनहितकारी बनाते हैं । इस अवसर पर प्रभारी सीएसपी गुना भरत नोटिया, एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे, प्रभारी एसडीओपी चांचौड़ा महेन्द्र गौतम, डीएसपी अजाक संजय मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी.एस. चौहान, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक फ़िरदौस तबस्सुम, सूबेदार मोनिका जैन, उप निरीक्षक शिखा दांतरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा आमजन (महिला एवं पुरुष) उपस्थित रहे ।
यह कार्यशाला न केवल पुलिस बल के विधिक ज्ञान को समृद्ध करने का माध्यम बनी, बल्कि आम नागरिकों को भी देश के नवीन आपराधिक ढांचे की उपयोगिता एवं अधिकारों के प्रति सजग करने का महत्वपूर्ण प्रयास रही ।



