जिला समन्वय समिति की बैठक में की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
Review of the progress of schemes at the District Coordination Committee meeting.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में जलमीनारों की मरम्मत, मनरेगा, ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। सड़क के अभाव में स्वास्थ्य सुविधा से वंचित क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। छात्रवृत्ति भुगतान में विलंब पाए जाने पर उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को शोकॉज करने का निर्देश दिया। खाद्य पदार्थों की जांच तेज करने तथा लिंगानुपात में अंतर वाले क्षेत्रों के संबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। पीएम जनमन योजना में काठीकुंड एवं रानेश्वर प्रखंड में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर दोनों प्रखंडों के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर का वेतन रोकने तथा बीडीओ से शोकॉज करने का निर्देश दिया गया। वहीं, आवास योजना की थर्ड इंस्टॉलमेंट में देरी पर गोपीकांदर एवं दुमका के बीडीओ को शोकॉज किया गया। जेएसएलपीएस में लक्ष्य के अनुरूप लिंकेज नहीं होने पर संबंधित बीपीएम से स्पष्टीकरण तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे में कम प्रगति वाले प्रखंडों के संबंधित बीटीएम, एटीएम एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



