बरेली
10 चौराहों की बदलेगी डिजाइन, दिल्ली की तर्ज पर होगी ट्रैफिक लाइट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बढ़ती वाहन संख्या और बेतरतीब ट्रैफिक प्रबंधन के लिए 10 चौराहे री-डिजाइन किए जाएंगे। नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम में इसके लिए नौ करोड़ रुपये आरक्षित किए हैं। अब इसी बजट से चिह्नित चौराहों का स्वरूप बदलने की तैयारी है। चौराहों के ट्रैफिक सर्वे और विस्तृत सर्वेक्षण के लिए किसी अनुभवी कंपनी को जल्दी ही जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए लाइट लगी हैं। लेकिन एक चौराहे से दूसरे चौराहे तक जब कोई वाहन पहुंचता है, तब तक दूसरे चौराहे पर रेड लाइट हो जाती है। वाहन चालकों को चौराहों पर रुकना न पड़े और बिना जाम के रफ्तार मिले। इस तरह की ट्रैफिक व्यवस्था दिल्ली में पहले से है।
ईंट पजाया चौराहा : ट्रैफिक डायवर्जन के लिए अस्थायी डिवाइडर के स्थान पर स्थायी डिवाइडर का निर्माण कराया जाएगा।
चौपुला : डिवाइडर को विस्तार देकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। नए यू-टर्न बनाए जाएंगे।
सेटेलाइटः बस स्टैंड के सामने डिवाइडर इतना छोटा है कि वाहन जंप कर जाते हैं, इसे ऊंचा किया जाएगा। ई-रिक्शा और ऑटो के लिए स्टैंड बनेगा, ताकि सड़क किनारे सर्विस रोड ब्रेक न हो।
चौकी चौराहा : रोटरी का आकार बढ़ेगा। गांधी उद्यान से पुलिस लाइन की ओर डिवाइडर को विस्तार दिया जाएगा।
नावेल्टी चौराहा : फुटपाथ से अतिक्रमण हटेगा। चौराहे के चारों ओर अवैध पार्किंग रोकी जाएगी।
सर्वेक्षण से यह पता लगेगा
किस चौराहे पर कितना है ट्रैफिक, कितना और बढ़ने के आसार।
एसपी ट्रैफिक अकमल खां ने कहा कि बढ़ती वाहन संख्या के हिसाब से यातायात के प्रबंधन की योजना धरातल पर उतरेगी। नगर निगम इसके लिए चौराहों की री-डिजाइनिंग कराने की तैयारी में है। जैसे ही काम पूरे होंगे, शहर की यातायात व्यवस्था में और सुधार होगा।



