
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। सामाजिक चेतना को झकझोरने वाली शॉर्ट फिल्म ‘राम कसम’ की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। फिल्म में समाज में बढ़ते झूठ, दिखावे और आस्था के नाम पर विश्वासघात जैसे गंभीर विषय को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में ऊषा देवी, राजवीर दांगी, सुरेंद्र मलानिया, शिखा कश्यप, दर्शन सिंह, शीतल चौहान सहित अन्य कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों को जीवंत रूप में निभाया है। वहीं फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी विक्की पॉटर ने संभाली, जिन्होंने कैमरे के माध्यम से हर दृश्य को सशक्त और भावनात्मक बनाया।
फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जो आदतन झूठ बोलता है और अपने झूठ को सच साबित करने के लिए बार-बार राम की कसम खाकर लोगों को भ्रमित करता है। यह झूठ धीरे-धीरे समाज में अविश्वास, धोखे और गलत परंपराओं को जन्म देता है, जिसका अंत बेहद चौंकाने वाला और संदेशपूर्ण है।
फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे सुरेंद्र मलानिया ने शूटिंग के बाद कहा—
“राम कसम सिर्फ एक शॉर्ट फिल्म नहीं, बल्कि आज के समाज की सच्चाई को सामने लाने का प्रयास है। झूठ बोलकर आस्था और विश्वास का सहारा लेकर लोगों को गुमराह करने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है। इस फिल्म में मेरा पुलिस का किरदार उसी सच्चाई और न्याय की आवाज़ है, जो अंततः झूठ के पर्दाफाश तक पहुँचती है।
हम यह संदेश देना चाहते हैं कि कानून से कोई ऊपर नहीं है और झूठ चाहे कितनी भी कसमों का सहारा ले ले, सच एक दिन सामने आ ही जाता है। पूरी टीम ने ईमानदारी से काम किया है और मुझे विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।”
फिल्म से जुड़े कलाकारों और टीम का मानना है कि राम कसम मनोरंजन के साथ-साथ समाज को आईना दिखाने का काम करेगी।




