
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
धनौरा / गजरौला l डीएम के निर्देश पर शिकायत का समाधान करने गांव पहुंचे लेखपाल के साथ दरोगा ने गाली-गलौज और झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दे दी। इससे लेखपाल संघ में रोष है। सोमवार को लेखपाल संघ के पदाधिकारियो ने एसडीएम को ज्ञापन देकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी है कि यदि दरोगा के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आठ अक्तूबर से कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि लेखपाल दिनेश कुमार जिलाधिकारी संदर्भ की एक शिकायत का निस्तारण करने गांव चकनवाला मुस्तकम गए थे। उस शिकायत के समान प्रकरण में जांच के लिए थाना गजरौला से दरोगा अनिल शर्मा भी गए थे। लेखपाल संघ का आरोप है कि दरोगा ने लेखपाल को गाली देते हुए झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी।
आरोप है कि दरोगा ने लेखपाल को उसकी औकात बताते हुए काम करना सिखाने की धमकी भी दी। संघ ने दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि दरोगा के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आठ अक्तूबर से पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर विमल शर्मा, दिनेश यादव, अनुज सैनी, अमित कुमार आदि मौजूद थे।


