गोड्डा
सुरक्षा उपकरण के बिना काम कर रहे सफाई कर्मियों का सफाई एजेंसी के विरुद्ध फूटा गुस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के अंतर्गत नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने शुक्रवार को अपनी समस्याओं को लेकर जमकर हंगामा किया। लगातार हो रही बारिश के बीच बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम करने को मजबूर सफाईकर्मियों ने आकांक्षा वेस्ट कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की। कर्मियों ने कहा कि उन्हें ना तो समय पर बरसाती मिलती है, ना दस्ताने, ना मास्क, ना जूते इत्यादि। बारिश में भीगते हुए उन्हें गंदगी के बीच काम करना पड़ता है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। कर्मियों का यह भी कहना है कि कचरा उठाने के लिए ट्रॉली या डलिया तक उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिससे उन्हें सीधे हाथों से कचरा उठाना पड़ता है। उनका सवाल था कि “क्या हमारी जान की कोई कीमत नहीं है?” बारिश और बदहाल हालात में सफाई कर्मियों का यह प्रदर्शन प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।



