गोड्डा
दाढ़ी घाट में सैकड़ो घरों में घुसा पानी, नाराज़ ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : थाना क्षेत्र अंतर्गत दाढ़ी घाट में शनिवार देर शाम सड़क निर्माण में लापरवाही के कारण बारिश का पानी सैकड़ों घरों में घुस गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने पथरगामा-महागामा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-133) को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य कर रही डीबीएल कंपनी की लापरवाही के कारण लगातार बारिश में सड़क के पूरब हिस्से में बसे सैकड़ों घरों में पानी घुस गया, वहीं कई खेत भी जलमग्न हो गए हैं। जिससे धान का फसल भी बर्बाद हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि नई सड़क के निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे बारिश का पानी घरों और खेतों में भर गया। नाराज ग्रामीणों ने डीबीएल कंपनी की गाड़ियों को रोककर घंटों तक सड़क जाम किया। जाम की सूचना मिलते ही श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव के पुत्र सह राजद नेता रजनीश यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पथरगामा प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम को जानकारी दी। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
रजनीश यादव ने कहा, “डीबीएल कंपनी को सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कंपनी के साथ बैठक कर स्थायी समाधान निकाला जाएगा।”
प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम ने भी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिससे यातायात सामान्य हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली




