बरेली

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील मीरगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली।  जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज जनपद बरेली की तहसील मीरगंज स्थित सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनका ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनमानस के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यालय में प्रातः 09ः45 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनता की शिकायतें सुनें और उनका निस्तारण करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पूर्ति विभाग, विद्युत विभाग, चकबंदी विभाग, सड़क सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम सुकली निवासी द्वारा गांव में पिछले दो माह से सफाई कर्मचारी की तैनाती न होने की शिकायत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई कर्मचारी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम गुला निवासी द्वारा राशन कार्ड बनवाये जाने का अनुरोध किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के दिए निर्देश !
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान 06 पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही राशन कार्ड बनाए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, उप जिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 अमित, पुलिस क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार, तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button