चेंगाईडीह में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज
Eid-ul-Fitr prayers were offered with devotion in Pakur, with tight security arrangements in place.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा: जिले के चेंगाईडीह में ईद-उल-फितर का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। स्थानीय ईदगाह में करीब 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने नमाज अदा की। चेंगाईडीह के अलावा सोनबाद, जिलिमटांड, गोखलाडीह और जामताड़ा सहित आसपास के कई क्षेत्रों से लोग नमाज पढ़ने पहुंचे। ईदगाह में नमाज मौलाना अहमद हुसैन मदनी ने अदा कराई। नमाज के बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही, जिनके लिए पर्दे की विशेष व्यवस्था की गई थी। मौलाना अहसन जमील ने कहा कि सुबह मौसम बारिश वाला था, लेकिन जैसे ही नमाज शुरू हुई, मौसम साफ और खुशनुमा हो गया। उन्होंने अपने गांव के माहौल और व्यवस्था की सराहना भी की। मौलाना तौहीद आलम ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी 25 हजार से अधिक लोग यहां नमाज अदा करने पहुंचे, जो आपसी एकता और भाईचारे का प्रतीक है। वहीं एडवोकेट ऐनुल हक़ ने कहा कि पूरे आयोजन के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और सभी ने मिल-जुलकर ईद की नमाज अदा की। कार्यक्रम के दौरान जामताड़ा पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और सभी ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।



