पाकुड़ में अकीदत के साथ अदा हुई ईद-उल-फितर की नमाज़, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
Eid-ul-Fitr prayers were offered with devotion in Pakur, with tight security arrangements in place.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के विभिन्न ईदगाहों में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। निर्धारित समय पर नमाज़ अदा की गई, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बड़ी संख्या में भाग लिया। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश फैलाया। ईदगाहों में उत्साह और खुशियों का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। उपायुक्त (डीसी) मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने भी ईदगाह पहुंचकर नमाजियों के साथ खुशियां साझा की और लोगों को बधाई दी। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें स्नेह भी दिया, जिससे माहौल और अधिक खुशनुमा हो गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे जिले में कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती गई और सुरक्षा बलों द्वारा हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।



