बारियातू में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी
Eid Miladunnabi was celebrated with great joy in Bariatu

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार। जिला अन्तर्गत बारियातू प्रखणड क्षेत्र के मुस्लिमधर्मालंबीयों ने शुक्रवार को हजरत मोहम्मद पैगंबर के जन्मदिन के मौके पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरे हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। सदर पंचायत बारियातू के अहले कमेटी बठेट बरछिया की ओर से अंजुमन के सदर हदीस अंसारी व जामा मस्जिद के इमाम हाफिज महताब आलम फैजी की अगुवाई में मोहम्मदिया जुलूस निकाला गया। जुलूस बठेट जामा मस्जिद से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए बरछिया स्थित कर्बला तक पहुंचा। इस दौरान अकीदतमंद इस्लामी कौमी झंडे और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे आगे बढ़ते रहे। कर्बला परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत कुरान पाक की तिलावत से हुई। इसके बाद मकतब के नौनिहालों ने नात-ए-पाक पेश कर लोगों को पैगंबर मोहम्मद के बताए रास्ते पर चलने की नसीहत दी। इमाम फैजी ने पैगंबर साहब की जीवनी पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मोहम्मद साहब का जन्म 20 अप्रैल 571 ईस्वी उर्दू कैलेंडर के अनुसार तीसरे महिने 12 रबिउल अव्वल दिन सोमवार की सुबह, अरब के शहर मक्का में हुआ था। उन्होंने 63 वर्ष की आयु तक इंसानियत, भाईचारा, अमानतदारी और एक अल्लाह की इबादत का पैगाम दिया। इमाम ने लोगों से अपील की कि पैगंबर मोहम्मद के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में अमन-चैन और भाईचारा कायम रह सकता है। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक दुआ की गई। शुक्रवार संध्या प्रखंड के इटके स्थित जामिया इस्लामिया अली इब्न अबि तालिब परिसर व बठेट जामा मस्जिद परिसर में सरकार के आमद मरहबा के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जामिया के नाजिम मौलाना अबुशहमा नदवी ने बताया कि इस कार्यक्रम में कई उलमा-ए-कराम और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे तथा पैगंबर साहब की जीवनी पर विस्तार पुर्वक प्रकाश डाला जाएगा। त्योहार को लेकर प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। मोहम्मदिया जुलूस को सफल बनाने में मो. बशीर, मुम्ताज, तय्यब जाफरी, मो. अफजल, कलाम, असलम, साजिद हुसैन, मो. जैनुल, मो. नसिम, मो. अली, खलील, रियाज, कलिम, युनुस, इसराईल, सहबान, आमिर, जब्बार समेत कई लोगों का अहम योगदान रहा।



