अमरोहा
अमरोहा के 24 गांवों में घुसा गंगा का पानी
धान-गन्ने की फसल डूबी, किसानों ने मुआवजे की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जिले की तहसील हसनपुर में गंगा नदी का बढ़ा जलस्तर किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। बुधवार को हसनपुर के आसपास के 24 से अधिक गांवों में गंगा का पानी खेतों में घुस गया। इनमें दयावली खालसा, धोरिया बिड़ला, कुदैना चक, चक की मंडैयो, गंगा चोली, श्यामपुरी, सिरसा गुर्जर और मेहरपुर प्रमुख हैं।पानी भर जाने से किसानों की धान और गन्ने की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। किसानों के मुताबिक हजारों बीघा फसलें जलमग्न हो गई हैं। फसलों के नुकसान से किसानों की आय प्रभावित हुई है। पशुओं के लिए चारे की समस्या भी उत्पन्न हो गई है।गांव के निवासी पंडित देवेंद्र शर्मा ने बताया कि पशुओं के लिए चारा ट्रैक्टर या नाव से लाना पड़ रहा है। गंगा तटबंध का रास्ता कई स्थानों से टूट गया है। इससे आवागमन में कठिनाइयां आ रही हैं।बाढ़खंड अधिकारियों के अनुसार गंगा का जलस्तर 198.55 गेज पर है। यह खतरे के निशान से नीचे है। पहाड़ों में बारिश कम होने से जल्द ही स्थिति में सुधार की उम्मीद है। प्रशासन ने गंगा किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसान शासन से जल्द मुआवजे की मांग कर रहे हैं।




