अमरोहा
अमरोहा में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, 12.48 लाख मतदाता दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिले में कुल 12,48,111 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की निष्पक्ष और पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां भी वितरित की गईं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाए रखने में सभी दलों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के अद्यतन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जा सकता है।अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, अमरोहा विधानसभा क्षेत्र में 156 मतदान केंद्रों और 368 मतदेय स्थलों पर कुल 2,88,976 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 1,53,506 पुरुष, 1,35,466 महिला और 4 अन्य शामिल हैं। धनौरा विधानसभा क्षेत्र में 252 मतदान केंद्रों और 426 मतदेय स्थलों पर 3,09,099 मतदाता पंजीकृत हैं।इसी तरह, नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में 283 मतदान केंद्रों और 417 मतदेय स्थलों पर कुल 3,10,394 मतदाता तथा हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में 226 मतदान केंद्रों और 423 मतदेय स्थलों पर 3,39,642 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
पूरे जनपद में कुल 6,71,222 पुरुष, 5,76,857 महिला और 32 अन्य मतदाताओं को मिलाकर कुल 12,48,111 मतदाता सूची में शामिल हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



