एडीजी आवास से 500 मीटर दूरी पर दुकान में चोरी

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मेरठ। जेल चुंगी चौकी से मात्र 200 मीटर की दूरी पर चोरों ने मांगलिक किराना स्टोर को निशाना बनाते हुए लाखों का सामान साफ कर दिया। दुकान मालिक प्रदीप मांगलिक ने बताया कि चोर नगदी के साथ-साथ लगभग कई लाख रुपए का माल उड़ा ले गए। चोर डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
भाजपा नेता व सर्राफा व्यापारी आशीष अग्रवाल व अन्य व्यापारियों को जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचें। सूचना पाकर सीओ सिविल लाइन भी पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों से बढ़ती घटनाओं पर व्यापारियों ने रोष जाहिर किया। चोरी की लगातार हो रही घटना पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने एवं घटना को जल्द से जल्द खोलकर माल वापस दिलाने की मांग की। व्यापारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि 10 दिन पहले भी जेल चुंगी के पास ही दुकानों से एसी की कॉपर वायर भी चोरी कर लिए गए थे। अभी उस चोरी का खुलासा हो नहीं पाया और फिर व्यापारी से किराना स्टोर पर चोरी की घटना घटित हो गई। चोरी की लगातार घटनाओं को लेकर व्यापारियों में भारी रोष है। अगर घटनाओं को जल्द से जल्द खुलासा नहीं किया गया तो उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इस दौरान डॉ. नगेंद्र, क्षेत्रीय पार्षद हर्षपाल सिंह, दिनेश सिंह, राहुल वर्मा, अश्वनी कांबोज, हेमंत सिंह, अक्षय गोयल समेत अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।


