ललितपुर
साइबर अपराध से बचाव को लेकर जखौरा पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को सतर्क करने के उद्देश्य से थाना जखौरा की साइबर क्राइम सेल द्वारा बुधवार को साइबर क्राइम जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसमें थाना क्षेत्र के नागरिकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने साइबर बुलिंग, ऑनलाइन स्टॉकिंग, फिशिंग, ऑनलाइन ठगी, आइडेंटिटी थेफ्ट सहित अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही लोगों को डीप फेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दुरुपयोग, डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर फ्रॉड के तरीकों से भी अवगत कराया गया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और केवल प्ले स्टोर या आईओएस जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही ऐप डाउनलोड करें। बैंकिंग से जुड़ी कोई भी जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए कहा गया कि बिना सत्यापन किसी भी पोस्ट को साझा न करें, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और सभी सुरक्षा फीचर सक्रिय रखें। इसके अलावा, कॉल के माध्यम से मिलने वाले किसी भी तरह के लालच, ऑफर या धमकी से सावधान रहने तथा सभी डिजिटल अकाउंट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मजबूत पासवर्ड और टू-स्टेप ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से ऑन रखने की बात कही गई। पुलिस ने बताया कि यदि किसी प्रकार का साइबर फ्रॉड होता है तो पीडि़त तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, पोर्टल या बेवसाइड पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाना या डायल-112 पर सूचना देकर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित कराएं, ताकि साइबर अपराध के गोल्डन ऑवर में वित्तीय नुकसान को रोका जा सके।



